अमेरिका के कारण भारतीय शेयर मार्केट धड़ाम, एक ही दिन में डूबे 4.56 लाख करोड़ रुपये, जानें- आखिर ऐसा क्यों हुआ?

शेयर मार्केट में शुक्रवार को जबरदस्त गिरावट आई। सेंसेक्स (Sensex) करीब 886 अंक गिरकर 80,981.95 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी (Nifty) में भी करीब 293 अंकों की गिरावट आई। यह 24,717.70 अंक पर बंद हुआ। शेयर मार्केट में इस गिरावट के कारण निवेशकों के एक ही दिन में 4.56 लाख करोड़ रुपये डूब गए। भारतीय शेयर बाजार में आई इस गिरावट का सबसे बड़ा कारण अमेरिका है। दरअसल, अमेरिका में इस समय मंदी के बादल छाए हुए हैं। वहीं अमेरिका में मैन्‍युफैक्‍चरिंग PMI में भी गिरावट आई है। साथ ही यहां बेरोजगारों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। इस कारण कल अमेरिकी शेयर मार्केट में भी गिरावट आई थी। इसका असर आज भारतीय शेयर मार्केट में देखने को मिला और चौरतरफा बिकवाली हुई। इससे भारतीय शेयर मार्केट में गिरावट आ गई।

शुक्रवार को ऑटो, ऊर्जा और आईटी शेयरों में गिरावट देखने को मिली। इस गिरावट के कारण बीएसई पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 4.56 लाख करोड़ रुपये घटकर 457.06 लाख करोड़ रुपये रह गया। फार्मा और हेल्थकेयर को छोड़कर सभी प्रमुख क्षेत्रीय सूचकांकों में गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी रियल्टी, ऑटो, मेटल और आईटी में सबसे अधिक गिरावट आई। इनके शेयर 2% से 3.5% के बीच गिरे। व्यापक, घरेलू स्तर पर केंद्रित निफ्टी स्मॉलकैप 100 और निफ्टी मिडकैप 100 में क्रमशः 0.8% और 1% की गिरावट आई।

एशियाई बाजार में भी आई गिरावट
अमेरिका में आई गिरावट का असर एशियाई मार्केट में भी पड़ा। इससे एशियाई शेयरों में गिरावट आई, जिससे आर्थिक परिदृश्य के बिगड़ने की आशंका बढ़ गई। जापान के निक्केई शेयर औसत में शुक्रवार को लगभग 6% की गिरावट आई और यह चार साल से अधिक समय में सबसे खराब सत्र रहा। अमेरिकी, यूरोपीय और अन्य एशियाई बाजारों में भारी बिकवाली के कारण भी भारतीय शेयर मार्केट में गिरावट आई।

ऐसी रही शेयरों की स्थिति
गिरते बाजार में भी काफी शेयरों में जमकर फायदा दिया। न्यूलैंड लैब्स, वेल्थ फर्स्ट पोर्टफोलियो मैनेजर्स, एसजेएस एंटरप्राइजेज, प्लैटिनम इंडस्ट्रीज और जोमैटो के शेयरों ने आज यानी शुक्रवार को अपने 52-सप्ताह के नए उच्चतम स्तर को छुआ। निफ्टी 50 इंडेक्स में, डिविस लैब्स, एचडीएफसी बैंक, डॉ. रेड्डीज, सन फार्मा और कोटक बैंक आज के कारोबार में एनएसई पर शीर्ष लाभार्थियों में शामिल रहे। वहीं आयशर मोटर्स, मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स, हिंडाल्को और जेएसडब्ल्यू स्टील में गिरावट देखी गई।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *